शिक्षक भर्ती में शिक्षामित्रों को फिर से जिला आवंटन

नई सूची में मिलेगी बेहतर गुणांक वालों को जगह
31,661 सहायक अध्यापकों की चयन प्रक्रिया शुरू
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में 31,661 सहायक अध्यापकों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण और 69 हजार पदों की भर्ती में शामिल रहे शिक्षामित्रों का फिर से जिला आवंटन तय है। इसके अलावा सभी वर्गों के उन्हीं अभ्यर्थियों को नई सूची में जगह मिलेगी जिनका गुणांक बेहतर है। पहले की सूची में जगह पाने वाले किंतु कम गुणांक वालों को नियुक्ति के लिए अभी इंतजार करना होगा। बता दें कि शीर्ष कोर्ट ने भर्ती के कट ऑफ अंक मामले की सुनवाई करते हुए 37,339 पदों पर चयन करने से रोका है। 24 जुलाई को सुनवाई पूरी हो चुकी है और फैसला सुरक्षित है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने गुरुवार को शासनादेश जारी कर दिया है। बेसिक शिक्षा परिषद ने मई माह में शिक्षकों के रिक्त 69000 पद जिलावार घोषित किए थे। उन्हीं को अब 31,661 पदों के लिहाज से जिलावार घोषित किया गया है। यानी सभी जिलों में पद कम जरूर किए गए हैं, लेकिन पहले जिस जिले में अधिक और कम पद थे, वह अनुपात अभी कायम है।
बेसिक शिक्षा परिषद ने जिलावार पद तय कर दिया है, अब अभ्यर्थियों का जिला आवंटन होना है। यह कार्य भी पूर्व में घोषित 67867 पदों की सूची से होना है। ऐसे में सबसे पहले शिक्षामित्र जगह पाएंगे, क्योंकि भारांक मिलने से उनका गुणांक सबसे अधिक है। इसके बाद हर जिले में हर वर्ग यानी सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और अन्य विशेष आरक्षण के अभ्यर्थियों का आवंटन होगा। शिक्षामित्रों को पद आवंटित होने के बाद सूची में उन्हीं अभ्यर्थियों को इस बार मौका मिलेगा जिनका गुणांक औरों से उम्दा है, बाकी को रोके गए पदों की भर्ती शुरू होने का इंतजार करना होगा।
बेसिक शिक्षा परिषद ने 67867 अभ्यर्थियों के जिला आवंटन में वर्ग वार गुणांक घोषित नहीं किया था, इसलिए अब 31661 पदों के लिए यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता है कि किस गुणांक वाले अभ्यर्थी का चयन मौजूदा चयन प्रक्रिया में होगा। परिषद अब जल्द ही जिला आवंटन सूची और भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम मसलन, काउंसिलिंग और नियुक्ति आदि जारी करेगा। नियुक्ति कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन होगी।



