अगवा छात्रा देहरादून से बरामद आरोपित को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर के शिवकुटी थाना क्षेत्र से कुछ रोज पहले अगवा की गई छात्रा को पुलिस ने देहरादून से बरामद कर लिया है। आरोपित अरशद को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अरशद ने बताया कि वह पहले छात्रा को मुंबई ले गया और वहां से देहरादून। पुलिस का कहना है कि सोमवार को छात्रा की मेडिकल जांच होगी और फिर रिपोर्ट आने पर दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ाई जाएगी।
शिवकुटी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स की 16 वर्षीय बेटी क्षेत्र के ही स्कूल में पढ़ती है। बुधवार सुबह छात्रा परीक्षा देने के लिए स्कूल निकली तो गायब हो गई थी। खोजबीन के दौरान स्वजनों को पता चला कि तेलियरगंज में रहने वाले अरशद ने छात्रा को अगवा किया है। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। दूसरे दिन हिंदू संगठनों ने थाने पर हंगामा भी किया था।
पुलिस ने आरोपित के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो पता चला कि वह मुंबई में है। पुलिस मुंबई पहुंचती इससे पहले अरशद की लोकेशन देहरादून में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और अरशद को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा भी पुलिस को मिल गई। रविवार को दोनों को प्रयागराज लाया गया। पूछताछ में अरशद ने बताया कि वह छात्रा को लेकर मुंबई गया। इसी बीच पुलिस के आने की आहट मिली तो वह उसे लेकर देहरादून निकल गया। इंस्पेक्टर महेश सिंह का कहना है कि सोमवार को छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही दर्ज धारा में बढ़ोत्तरी होगी।
उधर, करेली पुलिस ने भी दो दिन पहले एक किशोरी को अगवा करने के मामले में आरोपित आदिल निवासी बी ब्लाक जीटीवी नगर करेली को गिरफ्तार किया। उसे असगरी तिराहे के पास से रविवार को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर छात्रा को भी बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी बृजेश सिंह का कहना है कि सोमवार को किशोरी की मेडिकल जांच कराई जाएगी।




