तीन हजार पेज में बनी प्रो. हांगलू की कुंडली बढ़ सकती हैं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति की मुश्किलें

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद भले ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आरएल हांगलू को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी लेकिन उनकी मुश्किलें अब भी थमती नजर नहीं आ रही हैं।

इविवि प्रशासन ने प्रो. हांगलू से संबंधित मामलों की जांच कर रही कमेटी की ओर से मांगे गए सवालों का साक्ष्यों व तथ्यों के साथ लगभग तीन हजार पेज का जवाब तैयार कर भेज दिया है। जांच कमेटी ने 40 बिन्दुओं पर इविवि प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी। अब कमेटी जवाबों का अध्ययन करने के बाद अगला कदम उठाएगी।


ज्ञात हो कि पूर्व कुलपति प्रो. हांगलू पर वित्तीय, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं। यही वजह रही कि 31 दिसंबर 2019 को उन्हें कुलपति की कुर्सी गंवानी पड़ी।

उनके इस्तीफे के बाद उन पर लगे आरोपों की जांच के लिए इविवि के विजिटर यानी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के निर्देश पर 03 जनवरी 2020 को एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई। तीन बार इविवि पहुंची कमेटी को प्रो. हांगलू के खिलाफ तमाम शिकायतें मिलीं।


इस जांच कमेटी ने इविवि प्रशासन से 40 बिंदुओं पर जवाब मांगा। इविवि प्रशासन ने 40 बिंदुओं पर तीन हजार पेज की रिपोर्ट तैयार कर कमेटी को भेज दी है। इविवि के पीआरओ डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि यदि कमेटी जवाब से संतुष्ट रहती है तो रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को भेज देगी। यदि कोई संदेह रहेगा तो फिर से कमेटी आएगी।

Exit mobile version