
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । बसपा विधायक राजू पाल मर्डर केस का मुख्य आरोपी पूर्व विधायक अशरफ को सीबीआई जुडिशियल रिमांड पर लेगी।
उसकी गिरफ्तारी के बाद अशरफ के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है। राजू पाल मर्डर केस की जांच के दौरान सीबीआई ने अशरफ को चेतावनी दी थी कि वह जांच में सहयोग करेगा लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया था। अशरफ के अलावा एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी सीबीआई कोर्ट से वारंट जारी हुआ है।
बसपा शासन में पूर्व विधायक राजू पाल मर्डर केस की अग्रिम विवेचना शुरू हुई तो बयानों के आधार पर पुलिस ने दावा किया था कि पूर्व विधायक अशरफ ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर राजू पाल की हत्या की थी।
इस हमले में अशरफ ने भी गोलियां चलाई थी। इसके बाद जब सीबीआई ने तफ्तीश शुरू की तो अशरफ का बयान दर्ज हुआ। उस वक्त सीबीआई ने आरोप पत्र नहीं लगाया था। ऐसे में किसी भी आरोपी की गिरफ्तार नहीं किया गया था।
सीबीआई का कहना था कि इस प्रकरण में ज्यादातर आरोपी पहले से ही जमानत पर रिहा हैं, लेकिन सभी को जांच में सहयोग करना था। इस बीच अशरफ फरार हो गया।
उधर सीबीआई ने जांच के बाद पूर्व सांसद अतीक अहमद और अशरफ समेत 10 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया। वर्तमान में सीबीआई कोर्ट में इस मुकदमे की सुनवाई चल रही है। कोर्ट में बयान देने न पहुंचने वाले आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी हुआ, जिसमें एक अशरफ और दूसरा उसका एक साथी है।
गौरतलब है कि एक लाख इनामी अशरफ को बीते शुक्रवार सुबह धूमनगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। बता दें कि सीबीआई ने इस केस में आरोपी अतीक के करीबी अब्दुल कवि को वांटेड किया है। अब्दुल के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुनादी की कार्रवाई सीबीआई ने कराई थी।