
प्रयागराज, (अनुराग दर्शन समाचार) ।
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश राज्य के बिरहा गायन के नवोदित एवं स्थापित लोक कलाकारों से उनकी कला विशेषज्ञता के अनुसार ऑनलाइन विधा की क्लिपिंग (Cliping) श्रव्य दृश्य (आडियो-वीडियो) के माध्यम से आवेदन ३० मई तक ई-मेल के माध्यम से आमंत्रित किया गया।
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज समय-समय पर आप सभी के अन्दर छिपी बहुमुखी प्रतिभाओं को जन सामान्य के बीच लाने और उन प्रतिभाओं को उच्च शिखर पर ले जाने के लिये प्रतियोगिताओं-गोष्ठियों का आयोजन करता रहा है। इसी क्रम में केन्द्र ने वैश्विक महामारी कोविड-१९ कोरोना काल पर केद्रित ऑन लाइन बिरहा गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसका परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के बिरहा गायन के ९१ कलाकार दलों ने ऑन लाइन क्लिपिंग उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज में ई-मेल के माध्यम से भेजी जिसमें प्रथम पुरस्कार श्री नीरज नादान उर्फ शैलेष कुमार चंदौली उत्तर प्रदेश, राशि १०,००० द्वितीय पुरस्कार श्री अजय तिवारी प्रयागराज, रूपया ७५००, तृतीय पुरस्कार सुश्री प्रियंका माधुरी, प्रयागराज को रूपया ५००० एवं सांत्वना पुरस्कार में दो कलाकार दल श्री बचउ लाल यादव प्रयागराज एवं श्री मुंशी राम बहादुर प्रयागराज को क्रमशः रूपया ३००० केन्द्र द्वारा दिया जाएगा। प्रतिभागी दलों में से बिरहा गायन के २८ स्तरीय दलों को प्रोत्साहन राशि के रूप में रूपया २५०० दिया जायेगा।
केन्द्र निदेशक श्री इन्द्रजीत ग्रोवर ने बताया कि बिरहा प्रतियोगिता निर्णायक मण्डल में श्रीकान्त वैश्य, बाबू लाल भंवरा एवं अम्ब्रीश मिश्रा, प्रयागराज द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई। प्रतियोगिता का परिणाम केन्द्र के फेसबुक पेज www.facebook.com/nczcc पर देखा जा सकता है।
प्रचार-प्रसार