कोरोना संक्रमित मरीज ने कलाई की नस काटकर जान दी।

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित जय कुमार गुप्ता ने कलाई की नस काटकर जान दे दी। शुक्रवार को घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पर घरवाले फतेहपुर से शहर आने के लिए चल दिए हैं। युवक ने ऐसा क्यों किया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। माना जा रहा है कि कोरोना के खौफ में आकर युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
फतेहपुर के पुरानी बिंदकी निवासी जय (29) पुत्र राजेन्द्र गुप्ता तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। आठ माह से वह किडनी की बीमारी से पीड़ित था। परिवार के लोग उसका उपचार लखनऊ पीजीआई से करा रहे थे। इस दौरान वह कोरोना पाजिटिव हो गया तो चिकित्सकों ने उपचार से इंकार कर दिया। इसके बाद 21 जुलाई को उसे उपचार के लिए उसे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि उसने अपने कलाई की नस काटकर जान दे दी है। पुलिस पहुंची तो वह मृत पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। युवक ने ऐसा बीमारी के खौफ में किया या किसी और वजह से ऐसा कदम उठाया, इसका पता नहीं चल सका। कोतवाल दीपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर घरवाले शहर आने के लिए चल दिए हैं। उनके आने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पुराने मर्चरी भवन में रखवाया गया है।

Exit mobile version