प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी केंद्रीय जेल में बंद पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा, खान मुबारक बैंक के शार्प शूटर निरज सिंह और माफिया अतीक अहमद गैंग के नावेद की जेल बदली गई है। शासन से स्वीकृति मिलने के पश्चात शनिवार सुबह तीनों को नैनी जेल से दूसरी जेलों के लिए रवाना कर दिया गया। दिलीप मिश्रा को केंद्रीय कारागार फतेहगढ़, नीरज सिंह को फिरोजाबाद जिला जेल और नावेद को लखीमपुर खीरी जिला जेल भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि दर्जनों मुकदमों के आरोपी दिलीप मिश्रा को बीते महीने गिरफ्तार किया गया था। उन्हें एक लाख के इनामी नीरज सिंह को शरण देने और दो लोगों की हत्या की सुपारी देने के आरोप में पकड़ा गया। नीरज को दिलीप के ही कालेज से उनके बेटे के साथ पकड़ा गया था। वह हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था। नावेद भी कई अपराधी मुकदमों का आरोपी है।