
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । सनातन एकता मिशन के केंद्रीय कार्यालय में आज सांय पांच बजे से तुलसी जयंती समारोह के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चूंकि इस समय कोरोना का प्रकोप चल रहा है इस कारण कोविड-19 प्रोटोकॉल के पूर्ण पालन फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ अत्यंत सीमित स्वरूप में कार्यक्रम का डिजिटल प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं अशोक पाठकजी नें गोस्वामी जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
तुलसी जयंती के इस अवसर पर मुंबई के सुप्रसिद्ध भजन गायक पं प्रेम प्रकाश दुबे जी द्वारा तुलसीदास जी की रचनाओं की संगीतमय प्रस्तुति कि गई।
इस अवसर पर पं. अशोक पाठकजी ने तुलसीदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर बोलते हुए बताया कि तुलसीदास जी भक्ति काल की सगुण धारा के प्रतिनिधि कवि के साथ- साथ सनातन संस्कृति के आकाश के सबसे चमकीले नक्षत्र के रूप में आज भी दैदीप्यमान हैं।
आज के समाज का और व्यवस्था का आकलन आज से पांच सौ वर्ष पूर्व ही भारतीयों के मध्य सबसे अधिक श्रद्धा के साथ पढ़े जा रहे अपने महाकाव्य श्रीराम चरित मानस में शब्दशः लिख दिया था।
राम चरित मानस का एक एक शब्द महामंत्र है। जीवन का ऐसा कोई क्षेत्र या विषय नहीं जिस पर गोस्वामी जी ने हम सब का मार्गदर्शन ना किया हो।
इसके उपरांत संस्था के संरक्षक पं देवराज पाठक जी ने तुलसीदास के जीवन परिचय पर बोलते हुए बताया कि संवत 1680 में सावन माह के कृष्ण पक्ष की सप्तमी को , उत्तर प्रदेश के बांदा राजापुर क्षेत्र में गोस्वामीजी का जन्म हुआ, सौभाग्य से हमारा जन्म क्षेत्र भी वहीं है।
महासचिव टी.विपुलेश
ने बताया कि संयोग से गोस्वामीजी के रामचरितमानस का विश्व में प्रथम बार आद्योपांत गायन पं. प्रेम प्रकाश दुबे जी के स्वर में कराकर सनातन एकता मिशन द्वारा इसका डिजिटल प्रसारण किया जा रहा है जिसका विश्वभर के लाखों श्रोताओं द्वारा नियमित श्रवण किया जा रहा है।
साथ ही इसकी डीवीडी भी समाज में निरंतर निःशुल्क वितरित की जा रही है।
टी. विपुलेश ने बताया कि सनातन एकता मिशन के तत्वावधान में विश्व कल्याण हेतु और कोरोना महामारी के प्रकोप को कम करने के निम्मित पं प्रेम प्रकाश दुबेजी के स्वर में,
25 मार्च से लगातार शनिवार और मंगलवार कों सुंदरकांड का लाइव डिजिटल प्रसारण करता आ रहा है और यह क्रम आगे भी चलता रहेगा।
साथ ही यह भी कहा आगे भी गोस्वामीजी की अन्य रचनाओं जैसे विनय पत्रिका, हनुमान चालीसा आदि को भी सनातन एकता मिशन डिजटल प्रसारण के माध्यम से समय समय पर समाज के बीच प्रस्तुत करने का प्रयास करता रहेगा।
इस अवर पर सनातन एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पाण्डेय जी, प्रदेश सचिव सीता शरण शास्त्री जी, कोषाध्यक्ष दिलीप द्विवेदी ने भी गोस्वामीजी के चित्र पर माल्यार्पण करके अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये।