गंगापार में आम के बाग की रखवाली कर रहे युवक की गला घोटकर हत्या

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मंगलवार देर रात यहां फिर से एक हत्या की घटना हुई। गंगापार के नवाबगंज थाना अंतर्गत शहावपुर गांव में आम के बाग की रखवाली कर रहे । युवक की गला घोटकर हत्या कर दी गई। सुबह घरवालों ने देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से लेकर घर तक पड़ताल की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिवार के लोग हत्या की वजह पर अनभिज्ञता जता रहे हैं । वही आशनाई का मामला चर्चा का विषय बना है। पुलिस का कहना है जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस के अनुसार, जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा शहावपुर निवासी राम सेवक सरोज ने राजा अखिल प्रताप सिंह के आम के बाग को खरीदा था। मंगलवार की रात में राम सेवक का 20 वर्षीय पुत्र भीम सरोज बाग की रखवाली करने के लिए गया था। राम सेवक रात में 10 बजे बेटे भीम के लिए भोजन लेकर गए थे । वह बाग में बनी झोपड़ी में मौजूद था। खाना देकर वह घर चले आए। राम सेवक जब सुबह बाग में गए । तो उधर भीम मृत अवस्‍था में पड़ा हुआ था। उनके च‍ीखने-चिल्‍लाने पर अन्‍य ग्रामीण भी वहां पहुंचे। भीम के गले पर निशान देख अनुमान लगाया गया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। वहीं उसके मुंह से खून निकला हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। नवाबगंज पुलिस आई और शव कब्‍जे में ले लिया। परिवार के अन्‍य लोग भी बिलखते हुए वहां पहुंचे। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात स्‍थल का भी निरीक्षण किया। हालांकि अभी ऐसा कोई क्‍लू नहीं मिल सका है, जिससे हत्‍यारों के विषय में कोई जानकारी मिलती। एसएसपी अभिषेक दीक्षित का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा।

Exit mobile version