विन्ध्यवासिनी मन्दिर के गर्भगृह में मोबाईल ले जाने पर पाबन्दी


विन्ध्याचल , मीरजापुर (अनुराग दर्शन समाचार ) । गर्भगृह में किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल ले जाने पर पूर्णरुप से पाबन्दी लगा दी गई है । बुधवार की रात्रि में मन्दिर के गर्भगृह में फोटोशूट को लेकर उतपन्न विवाद में मारपीट हो गई । जिसके पश्चात स्थानीय पुलिस एक तीर्थपुरोहित को गिरफ्तार करने पहुँची जहाँ पुलिस व उक्त तीर्थपुरोहित में मारपीट की घटना प्रकाश में आई । इसी सम्बन्ध में मेलाकैम्प कार्यालय विन्ध्याचल में नगर मजिस्ट्रेट जगदम्बा प्रसाद , अपर पुलिसअधीक्षक नगर संजयकुमार , पण्डासमाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी , क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार इत्यादि लोगों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया कि गर्भगृह के अंदर मोबाइल लेकर किसी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण पाबन्दी लगा दी गई है । साथ ही में निकास दरवाजे से प्रवेश व चरण स्पर्श पर भी पूर्ण पाबन्दी लगाई गई है । बैठक में पुलिसअधीक्षक नगर आक्रामक नज़र आये । उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मन्दिर पर किसी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नही की जाएगी । ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाई भी की जाएगी ।



