
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए उठाया कदम
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस व प्रशासन प्रयासरत है लेकिन यह बीमारी थमने का नाम नहीं ले रही है। इस पर काबू पाने के लिए पुलिस ने अब एक नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत बाइक या स्कूटर पर दो लोगों के बैठने पर पाबंदी लगाई गई है। एक दो पहिया वाहन पर दो लोग बैठे मिले तो चालान होगा। दोपहिया वाहन पर पत्नी को बैठाने की छूट मिली है।
लॉकडाउन के बाद दोपहिया वाहन पर दो लोगों के बैठने की अनुमति मिली थी लेकिन कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ा तो फिजिकल डिस्टेंस (शारीरिक दूरी) का सख्ती से पालन करवाने का नया तरीका शुरू किया गया है। इसके तहत दो लोग एक ही गाड़ी पर मिले तो चालान तो कटेगा ही, कोरोना संक्रमण फैलाने की संभावना को लेकर रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी। थाना पुलिस और यातायात पुलिस कर्मी इन दिनों लोगों को जागरूक कर रहे हैं। चौराहों, बाजारों में लोगों को बताया जा रहा है कि वह यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने की भी अपील की जा रही है।