घर से कूड़ा बटोरने वाली एजेंसी का चयन 24 को

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाली नई एजेंसी 24 अगस्त को फाइनल होगी। पहले एजेंसी के चयन का टेंडर 10 अगस्त को खोला जाना तय था लेकिन तकनीकी कारणों से नगर निगम प्रशासन को यह तिथि 14 दिन बढ़ानी पड़ी। पहले हरी-भरी बसवार में कूड़ा निस्तारण प्लांट का संचालन करने के साथ शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी करती थी। लोग एजेंसी के कार्य से खुश नहीं थे और इस एजेंसी के खिलाफ पार्षदों ने सदन में प्रस्ताव लाया। प्रस्ताव पारित होने के बाद निगम से उसका करार खत्म हो गया था। शहर के ज्यादातर हिस्सों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम तभी से ठप है। नई एजेंसी के चयन के लिए पहले मई माह में टेंडर आमंत्रित किया गया था लेकिन, तकनीकी दिक्कत के कारण टेंडर निरस्त कर दिया गया था। शहर में 325 ऐसे स्थानों से निगम खुद कूड़ा कलेक्शन करा रहा है जहां रोजाना 100 किलो से ज्यादा कूड़ा निकलता है। इसमें सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल, होटल, रेस्टोरेंट, शापिग माल एवं कामर्शियल प्रतिष्ठान शामिल हैं। कुछ वार्डो में घरों से कूड़ा कलेक्शन भी निगम करा रहा है। इसके लिए यूजर चार्ज न लेने का दावा भी किया जा रहा है।

Exit mobile version