कोविड-19 महामारी के विरुद्ध उमरे ने कसी कमर

केन्द्रीय चिकित्सालय में किए गए कोरोना के 399 एंटीजन टेस्ट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर मध्य रेलवे के 60,000 कोरोना योद्धा माल और यात्रियों के निर्बाध परिवहन को सुनिश्चित करा रहे हैं। आवश्यक परिवहन सेवाओं को बनाए रखने के अलावा उमरे ने कोविड-19 महामारी से प्रभावी तरीके से लडऩे के लिए बुनियादी चिकित्सा ढांचे और संसाधनों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं। फेस कवर और सैनिटाइजर उत्पादन के साथ-साथ उमरे ने लगभग 10,000 कवरॉल तैयार किए हैं। चिकित्साकर्मियों और फ्रंट-लाइन कर्मचारियों को नोवेल कोरोना महामारी के संबंध में आवश्यक ज्ञान से लैस करने के क्रम में स्वच्छता और सूचना, शिक्षा और संचार हेतु कुल 550 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। केंद्रीय अस्पताल प्रयागराज में अब तक कोरोना जांच के लिए 399 एंटीजन टेस्ट किए जा चुके हैं।
रेल कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों और रेलवे चिकित्सा सेवाओं के अन्य लाभार्थियों की स्क्रीनिंग तेज कर दी गई है। पिछले 08 अगस्त तक 05 अलग-अलग क्लीनिकों में बुखार और कोविड -19 जैसे लक्षणों वाले 10600 व्यक्तियों की जांच की गई है। केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में 144 कोविड पॉजिटिव रोगियों को अब तक भर्ती किया गया है, जिनमें से 12 को अन्य अस्पतालों में भेजा गया है और 92 लोगों को सफल उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसी प्रकार, रेलवे अस्पताल झांसी के कोविड -19 लेवल-1 सेंटर पर अब तक 85 लोगों को भर्ती किया गया है जिनमें से 13 को अन्य अस्पतालों में भेजा गया है और 72 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इस प्रकार कुल मिलाकर दिनांक 08.08.20 तक कुल 229 रोगियों को भर्ती किए गया जिनमें से 164 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है और 25 को अन्य अस्पतालों में भेजा गया है और 40 रोगी वर्तमान में उपचाराधीन हैं।

Exit mobile version