
8 विषयों के 19 पदों के लिए खुला लिफाफा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रो. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) को आठ विषयों के लिए कुल 19 नए शिक्षक मिले हैं। कार्य परिषद की बैठक में चयन से संबंधित लिफाफे खोले गए। नए शिक्षकों के नियुक्ति पत्र मंगलवार को जारी कर दिए गए। इन्हें ज्वाइनिंग के लिए 21 दिन का समय दिया गया है। ज्ञात हो कि पीआरएसयू में 15 विषयों में 76 पदों पर शिक्षकों के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसमें प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के 19-19 तथा असिस्टेंट प्रोफेसर के 38 पदों के लिए 22 नवंबर से 22 दिसंबर 2019 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। साक्षात्कार से वंचित अभ्यर्थियों के विरोध के बीच 22 जुलाई से शिक्षक भर्ती के लिए इंटरव्यू शुरू हुआ। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी कर सोमवार को कार्य परिषद की बैठक में आठ विषयों में 19 शिक्षकों के चयन पर अंतिम मुहर लगी। सूत्रों की माने तो बैठक के दौरान अर्थशास्त्र विषय में एक महिला आवेदक की नियुक्ति को लेकर तकरार भी हुई।