
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । स्मार्ट सिटी के तहत शहर में दो सौ पार्को में ओपेन एयर जिम, 113 नए बस शेल्टर होम, टूरिस्ट इनफार्मेशन सेंटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्मार्ट स्कूल, स्वचालित शौचालय आदि बनाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व नगर आयुक्त रवि रंजन ने इस आशय की जानकारी स्मार्ट सिटी एडवाइजरी फोरम की दूसरी बैठक में दी। गुरुवार को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में हुई बैठक में मौजूद सदस्यों ने स्मार्ट सिटी के कार्यो को तेज करने के साथ मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।
सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने सुझाव दिया कि शहर के स्कूलों में मल्टी एक्टीविटी प्ले उपकरणों की व्यवस्था की जाए। महापौर अभिलाषा गुप्ता ने शहर के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। शहर की सीवरेज, पार्किंग, जलापूर्ति व्यवस्था व सड़कों को भी दुरुस्त किया जाए। शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने सरोजनी नायडू मार्ग पर स्ट्रीट स्केप का निर्माण कराने को कहा। अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए। बैठक में जगदीश गुलाटी, संजीव अग्रवाल, डॉ. एलएस ओझा, राजन शुक्ला, गिरिजेश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।