
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि) स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष की वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। यहां अध्ययनरत प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को तो बगैर परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया लेकिन अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षा सितम्बर माह में कराने की तैयारी चल रही है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया जाएगा। दरअसल कोरोना वायरस संक्रमण के चलते शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और परीक्षाएं स्थगित की गई हैं।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देश के क्रम में मुविवि ने अपनी कार्य परिषद की बैठक में छात्रों को परीक्षा के बगैर प्रोन्नत करने का फार्मूला तय किया। इसके मुताबिक मुविवि से जुड़े अंतिम वर्ष के छात्रों को छोड़कर सभी प्रोन्नत किये जाएंगे। उक्त फार्मूले के तहत इन सभी छात्रों को मुविवि प्रशासन ने अगली कक्षा में प्रोन्नत भी कर दिया। अब अगली कक्षा में इन शिक्षार्थियों को जो अंक प्राप्त होगा, उसी के आधार पर पिछले वर्ष की परीक्षा (अर्थात इस वर्ष जो परीक्षा नहीं ली गई है) का अंक प्रदान किया जाएगा। अंतिम वर्ष की वार्षिक और सेमेस्टर तथा सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा की परीक्षाएं सितंबर में कराई जाएंगी। कुलपति प्रो. के.एन. सिंह ने बताया कि जल्द ही परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी हो जाएगा।