
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना संक्रमण के कारण शैक्षणिक संस्थानों की प्रवेश परीक्षाएं और दाखिले की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। नए शैक्षिक सत्र में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआई) में मेरिट के आधार पर दाखिला होगा। अलग-अलग ट्रेड में प्रवेश के लिए छात्र 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आईटीआई नैनी में इस बार 3708 और प्राइवेट में 35,307 सीटों के सापेक्ष दाखिला होगा। प्राचार्य वीके श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कुल 39,015 सीटों पर दाखिला होगा। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 दिन के भीतर मेरिट सूची जारी होगी। काउंसिलिंग प्रक्रिया में जिन अभ्यर्थियों को राजकीय आइटीआई कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलेगा, उन्हें अपग्रेड के लिए दोबारा फार्म भरना होगा, जिसके लिए उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए एससीवीटी ने यह फैसला लिया है कि इस बार आवेदक को ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करना होगा। पहली बार आवेदन प्रक्रिया वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आधारित होगी। आवेदन करते वक्त आवेदक के मोबाइल नम्बर पर ओटीपी आएगी। इसके बाद ही फॉर्म सबमिट हो सकेगा। सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग को 250 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी) व अनुसूचित जन जाति (एसटी) के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क के तौर पर 150 रुपये देना होगा।