
यूजी और पीजी अंतिम वर्ष के छात्र ही देंगे परीक्षा
प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्र अगली कक्षा में प्रोन्नत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि) की स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) पाठ्यक्रमों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 08 सितंबर से 09 अक्टूबर के मध्य आयोजित की जाएंगी। मुविवि की ओर से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के प्रथम, द्वितीय वर्ष के छात्रों को सीधे अगली कक्षा में प्रमोट कर दिए जाने का आदेश जारी किया जा चुका है।
जारी किये गए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष या सेमेस्टर की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। वहीं, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा की परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन यानी 08 सितंबर को सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों से परीक्षा शुरू होगी जबकि 17 सितंबर से स्नातक (बीए, बीकॉम) की परीक्षाएं प्रारंभ होगी।
कुलपति प्रो. केएन सिंह ने बताया कि सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा की परीक्षा तीन पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली में सर्टिफिकेट, दूसरी पाली में डिप्लोमा और तीसरी पाली में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी। यह परीक्षा एक सप्ताह के भीतर पूरी हो जाएगी। वहीं स्नातक और परास्नातक की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इनकी परीक्षा 9 अक्टूबर को समाप्त होगी। तीनों पालियों की परीक्षा का समय तीन घंटे निर्धारित गया है।