इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा को 33,344 आवेदन

यूपी बोर्ड: एक विषय में फेल इंटर के छात्रों को पहली बार मौका

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 33,344 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। एक विषय में फेल इंटर के छात्र-छात्राओं के लिए इस वर्ष से पहली बार कम्पार्टमेंट परीक्षा की सुविधा शुरू की गई है। इस वर्ष 12वीं के 35,017 परीक्षार्थी एक विषय में असफल रहे थे। इनमें से 17,505 ने ही कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन किया है। वहीं हाईस्कूल के 15839 छात्र-छात्राओं ने इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
परीक्षा की तिथि अभी तय नहीं है। 10वीं के आंतरिक मूल्यांकन और 12वीं के प्रयोगात्मक परीक्षा की तारीख की सूचना बाद में दी जाएगी। हाईस्कूल में एक विषय में 3,27,663 परीक्षार्थी फेल हैं जबकि 771 बच्चे दो विषयों में फेल है। हाईस्कूल में एक विषय में फेल परीक्षार्थी इम्प्रूवमेंट और दो विषय में फेल परीक्षार्थी कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं। दो में से एक विषय में कम्पार्टमेंट देकर पास होने पर ही 10वीं के छात्रों को पास का प्रमाणपत्र जारी होता है। एक विषय में फेल अभ्यर्थी को पास कर दिया जाता है। ऐसे में यह उनकी इच्छा पर है कि इम्प्रूवमेंट की परीक्षा दें या नहीं।

Exit mobile version