
रात नौ बजे तक खुली रहेंगी शराब व भांग की दुकानें
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने कुछ नए कदम उठाए हैं। जिले में अब शाम सात से सुबह नौ बजे तक बंदी रहेगी। इस दौरान कफ्र्यू जैसे हालात रहेंगे। रात 10 बजे तक खुलने वाली दुकानें शाम सात बजे बंद करा दी जाएंगी। दुकानें सुबह नौ से शाम सात बजे तक ही खुलेंगी। अति आवश्यक सेवा छोड़कर किसी को भी सड़क पर चलने की इजाजत नहीं होगी।
जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने जिले में शाम सात बजे से बंदी का आदेश जारी किया है। अब जनपद की सभी दुकानें अगले आदेश तक सुबह नौ से शाम सात बजे तक ही खोली जाएंगी। उल्लेखनीय है कि शराब की दुकानें अब भी पूर्व की भांति रात नौ बजे तक खुली रहेंगी। एडीएम सिटी एके कनौजिया ने बताया कि आबकारी विभाग की दुकानों के लिए यह आदेश नहीं है। इसके लिए शासन की गाइडलाइन है। शाम सात से रात 10 बजे तक रेस्टोरेंट में होम डिलेवरी होगी। हॉट स्पॉट को छोड़कर जिम सुबह नौ से शाम सात बजे के बीच ही खुलेंगे। शाम सात से सुबह पांच बजे तक ट्रेन, बस, फ्लाइट पकडऩे वाले यात्री या फिर एम्बुलेंस से जाने वाले लोगों को सड़क पर चलने की छूट होगी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रकार की मंडियों को रात 11 बजे से सुबह 10 बजे के बीच ही खोलने का आदेश दिया है। सुबह 10 बजे के बाद सभी मंडिया बंद कर दी जाएंगी। बैंक, दवा, दूध, फल, सब्जी, कूरियर आदि की अति आवश्यक सेवा में आने वाली दुकानें भी शनिवार और रविवार की दो दिन की बंदी में सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक ही खुलेंगी। हॉट स्पॉट घोषित हो चुके स्थानों पर सभी सेवाएं बंद रहेंगी। यहां पर पूर्व की भांति ही आदेश जारी रहेंगे।