राजरूपपुर इलाके में बाइक सवार बदमाश तमंचे के बल पर ठेकेदार को लूटकर फरार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । जिले में अब बेखौफ बदमाशों ने सोमवार की रात में एक और लूट की वारदात को अंजाम दिया। धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर इलाके में बाइक सवार बदमाश तमंचे के बल पर ठेकेदार संदीप प्रजापति से 19 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ और धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। लुटेरों की तलाश में पुलिस लग गई लेकिन सुबह तक कुछ सुराग नहीं लग सका था।
धूमनगंज थाना क्षेत्र में धुस्सा पेट्रोल पंप के पास रहने वाला संदीप कुमार प्रजापति मकान बनवाने का ठेका लेता है। सोमवार की रात करीब 11 बजे उसने मकान मालिक से 20 हजार रुपये लिए और एक लेबर को एक हजार रुपये दिए। इसके बाद पैदल ही वह अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उसे रोक लिया। जब तक ठेकेदार कुछ समझ पाता तब तक एक ने असलहा दिखाकर उसके जेब में रखा पैसा और मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। राहगीरों की मदद से उसने पुलिस को सूचना दी तो खलबली मच गई।

Exit mobile version