
एक दिन में मिले कोरोना के 303 नए केस, पांच की मौत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद में कोरोना वायरस के संक्रमण और इससे हो रही मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कोरोना मरीजों की कुल संख्या 9062 तक पहुंच गई है जबकि कोरोना से 148 मरीजों की जान जा चुकी है। शनिवार को कोरोना के 303 नए पाॅजिटिव केस मिले हैं और पांच मरीजों की मौत हो गई।
कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच अच्छी बात यह है कोरोना के मरीज तेजी से रिकवर हो रहे हैं। 244 मरीज शनिवार को कोरोनामुक्त हो गए, जिसमें 85 मरीज अस्पताल में भर्ती थी और 159 मरीज होम आइसोलशन में थे, और उनका उनका आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया। 3202 मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 2838 संभावित मरीजों के सैंपल लिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. जीएस वाजपेई ने अपील की है कि यदि किसी को भी खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ है या वह किसी संक्रमित के संपर्क में आए हैं तो कोरोना की जांच अवश्य कराएं। इसके लिए शहर के करीब एक दर्जन से अधिक जांच केंद्र में बनाए गए हैं। अब जांच के बाद लोगों को रिपोर्ट के लिए भी इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग के लिंक पर जाकर और अपना मोबाइल नंबर डालकर अपनी रिपोर्ट डाउनलोड किया जा सकता है।