
प्रयागराज का रहने वाला था मरीज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बीएचयू के आइसोलेशन वार्ड से एक और मरीज लापता हो गया है। शनिवार की देर रात बीएचयू की ओर से लंका थाने पर मरीज के भागने की सूचना दी गई है। इससे पहले भी कई मरीजों के भागने की सूचना थाने पर दी जा चुकी है। लेकिन अभी तक एक भी मरीज के बारे में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
लापता मरीज प्रयागराज का रहने वाला था। शुक्रवार को ही उसे बीएचयू में भर्ती किया गया था। लंका एसओ महेश पांडेय के अनुसार बीएचयू से फोन से मरीज के भागने की सूचना दी गई है। वहां से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हम लोग संक्रमित की तलाश कर रहे हैं।
प्रयागराज के मरीज के लापता होने से सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर सवाल खड़ा हो रहा है। एक तरफ मुख्यमंत्री ने कुछ घंटे पहले ही कई निर्देश दिये उसके बाद भी लापरवाही बरती गई है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से मरीजों के भागने के बाद पुलिस को सूचना तो दे दी जाती है लेकिन इस मामले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज कराने की कार्यवाही नहीं हो सकी है। इससे पुलिस भी हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है।