UP : 14 स्कूलों में 15 से कम छात्र बेसिक शिक्षा परिषद का दावा हवाहवाई

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । तमाम दावों व कवायदों के बावजूद सरकारी स्कूलों से छात्रों का मोह भंग हो रहा है। अकेले प्रयागराज जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद के 14 ऐसे स्कूल हैं जहां छात्रों की संख्या 15 या इससे भी कम है। हद तो यह है कि इसमें शहरी क्षेत्र के विद्यालय भी शामिल हैं जहां तैनाती के लिए शिक्षकों में होड़ मची रहती है।
सबसे कम महज 5 छात्र नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय राजापुर द्वितीय में थे। प्राथमिक विद्यालय बक्शी बाजार में 12, पुराना मम्फोर्डगंज में 10, धरहरिया में 11 व नेवादा में 15 छात्र थे। शंकरगढ़ में सर्वाधिक 6 ऐसे स्कूल हैं। प्राथमिक विद्यालय अमरपुर में 11, डोमहर में 14, नौबस्ता में 11 व हरखोरिया में 10 छात्र थे। राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा विजय किरन आनंद ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर नामांकन की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं।
उच्च प्राथमिक विद्यालय करिया खुर्द व नेवड़ियां शंकरगढ़ में क्रमशः 14-14 जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय उमरी कौड़िहार द्वितीय में 14, उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे जुराई हंडिया में 13 बच्चे थे। प्राथमिक विद्यालय लंगड़ी पट्टी में 15 बच्चे थे। यही नहीं कई प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हैं।

Exit mobile version