
डीएसडब्ल्यू के आश्वासन पर माने अनशनकारी छात्रनेता
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नौ छात्रों के निलंबन की कार्रवाई से नाराज सैकड़ों छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर बाहर से ताला जड़ दिया। मंगलवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक कुलपति, चीफ प्रॉक्टर बंधक बने रहे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके उपाध्याय ने निलंबित छात्रों की बहाली तथा अन्य मांगों पर विचार का आश्वासन दिया तो छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
हॉस्टल में प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से छात्र डीएसडब्ल्यू कार्यालय के बाहर अनशन कर रहे थे। सोमवार को चीफ प्रॉक्टर ने स्पष्ट कर दिया कि परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में होंगी। इसलिए हॉस्टल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा तो छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा था। उन्होंने कुलपति, डीएसडब्ल्यू और चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में बाहर से ताला जड़ दिया था।
इसके बाद चीफ प्रॉक्टर ने नौ छात्रों को निलंबित कर दिया। इसी कार्रवाई से मंगलवार को छात्र उग्र हो उठे। कुलपति कार्यालय में बाहर से ताला जड़ दिया। सूचना मिलने पर सीओ कर्नलगंज, एडीएम सिटी, एसीएम तृतीय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस कर्मियों और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों से धक्का-मुक्की हुई।
इनसेट…
जूस पिलाकर खत्म कराया अनशन
प्रयागराज। मामला बिगड़ता देख पुलिस बल व अधिकारियों के साथ चीफ प्रॉक्टर अनशन स्थल पर पहुंचे। मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया साथ ही सत्यम कुशवाहा और शरद शंकर को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया और दोनों को एंबुलेंस से काल्विन हॉस्पिटल भेज दिया गया।