इविविः 12 सितंबर से स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा

यूजी, पीजी व अन्य परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय 12 सितंबर को स्नातक अंतिम वर्ष और 25 सितंबर के बाद परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कराने की तैयारी में है। बुधवार को परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया। दरअसल 16 से 25 सितंबर तक यूजीसी की नेट परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में पीजी की परीक्षाएं 25 सितंबर के बाद शुरू की जा रही हैं।
यूजीसी-नेट की परीक्षाएं 16 से 25 सितंबर के बीच निर्धारित हैं। इस परीक्षा में परास्नातक के छात्र शामिल होते हैं। यही वजह है कि इस अवधि में परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं नहीं कराई जा सकती हैं। इस लिहाज से अब इविवि प्रशासन 25 सितंबर के बाद ही परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराएगा।
इविवि के विद्वत परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के मुताबिक स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा चार घंटे की होगी। अभ्यर्थी दो घंटे परीक्षा देंगे और इसके बाद दो घंटे में कॉपी को स्कैन कर अपलोड करना होगा। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा 22 दिनों और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सात दिनों में पूरी कराई जाएंगी।




