कोरोना का वार, 24 घंटे में 376 बीमार

एसआरएन में इलाजरत पांच मरीजों ने तोड़ा दम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 376 नए कोरोना पाजिटिव केस मिले हैं। अगस्त के शुरूआती दिनों में कोरोना के कुल 2569 थे, लेकिन एक माह में कोरोना के लगभग आठ हजार नए मरीज बढ़ गए। बुधवार को 32 साल की युवती समेत पांच और कोरोना संक्रमितों ने एसआरएन अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें तीन लोग शहरी क्षेत्र एवं दो गैरजनपद के रहने वाले थे।
एसआरएन अस्पताल के सह नोडल डॉ. सुजीत वर्मा ने बताया कि कल्याणी देवी की 32 वर्षीय युवती के पैर में मवाद के चलते उसे सेप्टीसीमिया हुआ था। मंगलवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया था। आधी रात बाद करीब ढाई बजे युवती ने दम तोड़ दिया। खुल्दाबाद निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग को 27 अगस्त को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें बीपी और किडनी की बीमारी थी। सुबह आठ बजे बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, अशोक नगर निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग को 29 अगस्त को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें बीपी, शुगर के साथ निमोनिया हुआ था। दिन में दो बजे बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
उधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीएस वाजपेई ने बताया कि बुधवार को 60 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन्हें बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ हो या किसी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए हों तो वह कोरोना की जांच अवश्य करा लें।

Exit mobile version