प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । डानकुनी और लुधियाना के बीच बन रहे डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की एक बड़ी बाधा दूर हो गई है। जी हां, छिवकी में मालगाड़ी ट्रैक बनाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही क्षेत्र में रक्षा भूमि पर ट्रैक का निर्माण शुरू होगा। प्रयागराज और मुगलसराय खंड में ट्रैक व अन्य काम चल रहा है।
छिवकी में रक्षा भूमि पर अनुमति नहीं मिलने के कारण महीनों से ट्रैक निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा था। हाल ही में मालगाड़ी का ट्रैक निर्माण जल्द पूरा करने को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय गंभीर हुआ। रेल मंत्रालय के माध्यम से छिवकी में रक्षा भूमि पर ट्रैक निर्माण में व्यवधान का मामला भी प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिन से रक्षा भूमि पर ट्रैक निर्माण शुरू करने की कवायद शुरू हुई।
छिवकी का विवाद सुलझाने के लिए प्रदेश सरकार के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रयागराज प्रशासन सक्रिय हुआ। प्रशासन ने रक्षा अफसरों से बातचीत कर मामला सुलझा लिया। अधिकारी के मुताबिक ट्रैक बिछाने के लिए उपयोग होने वाली जमीन के बदले प्रयागराज में सेना को जमीन दी जाएगी। सेना को वैकल्पिक जमीन देने की जिम्मेदारी प्रशासन को सौंपी गई है।