रिश्वतखोर पीटीआई गिरफ्तार

मेडिकल टेस्ट में पास कराने को लिए 40 हजार

सिपाही भर्ती परीक्षा 2018 की शूचिता पर सवाल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सिपाही भर्ती परीक्षा 2018 के मेडिकल टेस्ट में पास कराने के नाम पर फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (पीटीआई) सिपाही बृजेंद्र दीन परिहार ने एक और अभ्यर्थी से 40 हजार रुपये लिए थे। कर्नलगंज पुलिस ने पैसा दिलाने वाले संजय मिश्रा और सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। संजय पुत्र रमाशंकर सरायइनायत थाना क्षेत्र सुदनीपुर कला गांव का रहने वाला है। उसने झूंसी निवासी अपने साथी अभिषेक कुमार को पास कराने के लिए बृजेंद को 40 हजार रुपये दिलवाए थे। पुलिस का कहना है भर्ती के मेडिकल बोर्ड से जुड़े दो डॉक्टरों पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
सिपाही भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों का पुलिस लाइन में मेडिकल परीक्षण हो रहा है। सोमवार को शांतिपुरम निवासी राघवेंद्र त्रिपाठी मेडिकल टेस्ट में फेल हो गया। उसका आरोप है कि पीटीआई बृजेंद्र ने डॉक्टरों की मदद से उसे पास कराने के लिए दो बार में पेटीएम के जरिए 40 हजार रुपये लिए। मगर शाम को रिजल्ट आया तो वह फेल था।
राघवेंद्र त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोप सही मिलने पर कर्नलगंज थाने में भर्ती बोर्ड के दारोगा बृजेश सिंह की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि बृजेन्द्र ने अभिषेक को भी मेडिकल टेस्ट में पास कराने के नाम पर नकद 40 हजार रुपये लिए थे। पैसा संजय मिश्रा ने दिलवाया था। तब दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि पुलिस को शक है कि आरोपित कुछ और अभ्यर्थियों से पैसा ले सकता है, जिसके बारे में विवेचना चल रही है।

Exit mobile version