
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। लखनऊ एसटीएफ और नैनी पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े गैंग का खुलासा किया। लगभग 67 लाख रुपए कीमत के गांजा के साथ कुशीनगर और प्रयागराज के नौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।
नारकोटिक्स विभाग और लखनऊ एसटीएफ के दरोगा संतोष सिंह, पंकज सिंह और नैनी इंस्पेक्टर राज किशोर सिंह ने सटीक सूचना पर गांजा से भरा एक ट्रक और उसे पास कराने वाली स्कार्पियो व बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि ट्रक में 11 कुंतल 30 किलो गांजा मिला है। वहीं एसटीएफ ने इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस मानें तो कुशीनगर का रहने वाला राजन राय विशाखापत्तनम से अपने साथियों के साथ ट्रक से गांजा ला रहा था। उसे सहसों में किसी तस्कर को गांजा सप्लाई करना था। नैनी में स्कॉर्पियो से पहुंचे प्रयागराज के गांजा तस्करों को बोरी में भरकर अलग-अलग जगहों पर पहुंचाना था लेकिन इसके पहले पकड़ लिया गया।
इस कार्रवाई ने कुल 9 लोग गिरफ्तार हुए हैं जिसमें कुशीनगर जिले के मनोज सिंह, राजन राय, विनोद पटेल, अभय कुमार, सुनील वर्मा रितेश कुमार राय और प्रयागराज जिले के झूंसी के राजेश गुप्ता, जलालपुर का राधेश्याम और शिवम गुप्ता शामिल हैं। एसटीएफ की माने तो विशाखापट्टनम से गुड्डू उर्फ विजय राय ने गांजा सप्लाई किया था।