
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी सेंट्रल जेल में दो बंदियों के बीच कई दिनों से चली रही तनातनी ने आज उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्ष लामबंद होकर भिड़ गए, जिससे एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल वार्डन की ओर से घटना के बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
जेल के सर्किल संख्या पांच में बंद घूरपुर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव निवासी अरविंद पासी पुत्र जगदेव और उसी सर्किल में कौंधियारा थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी ज्ञान सिंह पुत्र स्व. राम बहादुर सिंह के बीच पिछले कई दिनों से वर्चस्व को लेकर खुन्नस चल रही थी। गुरुवार दोपहर दोनों आपस में भिड़ गए। एक दूसरे को लात घूंसे से पीटने लगे। उसी दौरान अरविंद पासी ने शौचालय की ईंट उखाड़कर ज्ञान सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बंदी रक्षकों ने किसी तरह बंदियों को उनके बैरक में भेजा। घायल ज्ञान सिंह को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। वार्डन कंचन यादव की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही। जेल प्रशासन का कहना है कि आज दोपहर ज्ञान सिंह शौचालय में बैठा था उसी दौरान अरविंद पासी ने ईट उखाड़कर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।