
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस से संक्रमित गंभीर मरीजों के लिए अच्छी खबर है। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को प्लाज्मा थेरेपी करने की मंजूरी मिल गई है। मेडिकल कॉलेज की इंस्टिट्यूशनल एथिकल कमेटी से अनुमति मिलने के बाद एसआरएन अस्पताल में कोरोना के गंभीर संक्रमितों को प्लाज्मा थेरेपी देने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। ये कमेटी ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से रजिस्टर है।
अब कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। प्लाज्मा दान करने के लिए विभाग के लोग उनसे संपर्क करेंगे। लिखित सहमति मिलने पर ही संबंधित का प्लाज्मा लिया जाएगा। प्लाज्मा थेरेपी शुरू होने से कोरोना के गंभीर संक्रमितों को इसे चढ़ाकर उनके शरीर में एंटीबॉडी पैदा की जाएगी, ताकि वह कोरोना को हरा सकें। हफ्ते-दस दिनों में एसआरएन अस्पताल में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
प्लाज्मा स्टोर करने के लिए एफेरेसिस मशीन खरीदी जा रही है। इस मशीन से सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि संक्रमण से ठीक हुए लोगों का सिर्फ प्लाज्मा ही लिया जाएगा। रक्त वापस शरीर में चला जायेगा, ताकि व्यक्ति के शरीर को कोई नुकसान न पहुंचे। मशीन का टेंडर हो गया है। उसकी लागत 30 लाख के करीब है। जल्द ही वह मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध होगी।