अभ्यर्थी पीसीएस मेंस व आरओ-एआरओ प्री का प्रवेशपत्र जारी आयोग की वेबसाइट से कर सकेंगे डाउनलोड

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) कोरोना काल में स्थगित परीक्षाओं को तेजी से निस्तारित करने में जुटा है। इसी क्रम में दो परीक्षाओं पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा और आरओ-एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा के अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र जारी किया गया है, जिसे अभ्यर्थी यूपीपीएससी की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
यूपीपीएससी पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा लखनऊ, गाजियाबाद व प्रयागराज में 22 से 26 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि आरओ-एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा 20 सितंबर को प्रदेश के 17 जिलों में आयोजित होगी। पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा पहले 20 अप्रैल को प्रस्तावित थी। लेकिन, लॉकडाउन के कारण 25 अगस्त को परीक्षा कराने का निर्णय हुआ, उक्त तारीख को भी कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए परीक्षा नहीं हो सकी थी। इस परीक्षा में 6,320 अभ्यर्थियों को शामिल होना है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 16 अक्टूबर को सम्मिलित राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) व क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (आरएफओ) परीक्षा 2019 का विज्ञापन जारी किया था। इसमें 13 नवंबर 2019 तक 5,44,664 ऑनलाइन आवेदन हुए, जबकि परीक्षा में 3,18,147 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिसके बाद आयोग ने 15 दिसंबर 2019 को पीसीएस, एसीएफ व आरएफओ-प्री परीक्षा प्रदेश के 19 जिलों में 1166 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित कराई, जिसका परिणाम 17 फरवरी को घोषित किया गया था।
वहीं, आरओ-एआरओ-2016 के तहत 361 पदों की भर्ती निकाली थी। इसकी प्रारंभिक 27 नवंबर 2016 को दो पाली में प्रदेश के 31 जिलों के 827 केंद्रों पर कराई गई थी। परीक्षा के लिए 3,85,191 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इसमें प्रथम पाली में 204907 व द्वितीय पाली में 203261 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान लखनऊ के एक केंद्र से पेपर वाट्सएप पर वायरल हो गया। जांच के बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई।

Exit mobile version