राजकीय अस्थान की जमीन को कराया मुक्त, अतीक के करीबियों की संम्पत्तियों पर प्रशासन की नजर



एडीए ने बुल्डोजर चलवाकर निर्माण को कराया जमींदोज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पूर्व सांसद व बाहुबली नेता अतीक अहमद पर प्रशासन व पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। अतीक अहमद की एक के बाद एक कई संपत्तियां कुर्क करने के बाद अब करीबियों से भी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासन ने अतीक के चचेरे भाई हमजा उस्मान के कब्जे से राजकीय अस्थान की जमीन को मुक्त कराया।
मेंहदौरी कॉलोनी में लगभग दो बीघा जमीन पर अतीक के चचेरे भाई ने कब्जा जमा रखा था। इसकी शिकायत जून माह में एसडीएम सदर के दफ्तर में दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने अतीक के चचेरे भाई का नाम लिया था। जून में कोरोना संक्रमण के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि इस दौरान नोटिस दिया गया, लेकिन किसी ने नोटिस नहीं लिया था। नोटिस चस्पा किया गया, लेकिन इसके बाद भी निर्माण नहीं रुका।
शुक्रवार को एसडीएम सदर अजय नारायण सिंह की अगुआई में पीडीए और सीओ कर्नलगंज व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि यहां पांच बड़े कमरे बनकर तैयार हो चुके थे। साथ ही बाउंड्रीवाल भी बना था। कुछ छोटे कच्चे निर्माण थे। जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये है। अनुमान है कि जो निर्माण हुआ था वो लगभग 50 लाख रुपये का था। एडीए के अफसरों ने बुल्डोजर चलवाकर निर्माण को जमींदोज कराया। जो कमरे बने थे, उसमें दरवाजे और खिड़की नहीं थे। ऐसे में इतना तय था कि अभी यहां कोई रह नहीं रहा था।

Exit mobile version