बख्शी बांध उपकेन्द्र के कर्मचारी से मारपीट बिजली आपूर्ति बंद की तो दबंगों ने बोला हमला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। केबल में आग के कारण आपूर्ति बंद होने से नाराज दबंगों ने बख्शी बांध उपकेन्द्र पर हमला बोल दिया। शहर के दारागंज स्थित बिजली उपकेन्द्र में घुसकर उन्होंने ने एक कर्मचारी की पिटाई कर दी और वहां रखे कागजात फाड़ दिए। दबंगों ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई का फीडर भी बंद करा दिया। बिजली कर्मचारी पर इमला करने का आरोप पार्षद के पति समेत चार लोगों पर है।
मांडा थाना क्षेत्र के नहवाई गांव निवासी बबलू प्रसाद बिजलीकर्मी है। शनिवार की रात उनकी ड्यूटी दारागंज के बक्शी बांध उपकेंद्र पर थी। रात करीब साढ़े दस बजे केबल में आग लग गई तो नागवासुकि फीडर को बंद करनी पड़ी। इसके 15 मिनट बाद चार लोग उपकेन्द्र पर पहुंचे और यह कहते हुए कि बिजली आपूर्ति क्यों बंद की, बबलू प्रसाद को डंडे से पीटने लगे। साथ ही वहां रखे अभिलेखों को फाड़कर फेंक दिया। उन्होंने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई फीडर से हो रही बिजली आपूर्ति को भी बंद करा दिया और धमकी देते हुए चले गए।
बबलू प्रसाद ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद अधिकारी उपकेंद्र पर पहुंचे। बबलू को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। बबलू प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि चार लोगों में एक को वह पहचानता है। वह एक पार्षद का पति है। दारागंज पुलिस को घटना की तहरीर मिली है।

Exit mobile version