
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम की आनलाइन बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। वन सिटी वन एप को लेकर सभी सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। बताया गया कि एक एप के जरिए नगर निगम से जुड़ी सभी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकेगा। सीवर टैक्स, गृहकर, जलकर का भुगतान कर पाएंगे। जल्द ही इस एप को शुरू किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं नगर आयुक्त रवि रंजन ने स्मार्ट सिटी की आगामी योजनाओं के संदर्भ में सदस्यों से सुझाव मांगे। विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने कहा कि वन सिटी वन एप को और सुदृढ बनाया जाए जिससे लोगों को सीवरेज और स्ट्रीट लाइट के लिए भी शिकायतें दर्ज करा सकें। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत भी योजना बनाई जाए। जो लोग मोबाइल का प्रयोग नहीं कर सकते उनके लिए नगर में विभिन्न जगहों पर बोर्ड लगाए जाएं। ताकि उनको भी किसी प्रकार की असुविधा न हो सके। वेडिंग जोन एवं स्ट्रीट वेंडर्स के विषय में भी शीघ्र विचार करते हुए योजनाएं शुरू की जाएं। बैठक में मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, नगर आयुक्त रवि रंजन, लक्ष्मी शंकर ओझा, जगदीश गुलाटी आदि थे।