प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आरआरबी ने रेलवे की एनटीपीसी (नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटगरी) परीक्षा- 2020 के 18 लाख से अधिक आवेदनों में से 3942 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त हो गए हैं। स्क्रूटनी के बाद इन आवेदनों को निरस्त किया है। अभ्यर्थी 21 सितंबर से आरआरबी इलाहाबाद की साइट पर अपने आवेदन का स्टेटस देख सकते हैं। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन आरए जमाली ने बताया कि स्क्रूटनी हो चुकी है। पहले एक बार इसकी सूचना अभ्यर्थियों को दी गई थी। परीक्षा की कवायद शुरू हुई है। इसलिए एकबार फिर अभ्यर्थियों को उनके आवेदन का स्टेटस दिखाया जाएगा। निरस्त होने वाले आवेदनों में फोटो, हस्ताक्षर आदि की गड़बड़ी मिली है। निरस्त हो चुके आवेदनों को संशोधित करने का मौका नहीं दिया जाएगा।
विदित हो कि आरआरबी एनटीपीसी भर्ती परीक्षा 15 दिसंबर से शुरू होगी। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) लेवल-1 (ग्रुप डी) और आइसोलेटेड एंड मिनिस्ट्रियल पदों की परीक्षा से पहले एनटीपीसी की परीक्षा होगी। फरवरी 2019 में रेलवे ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) में ग्रेजुएट और अंडर ग्रेजुएट पदों पर 35,277 वैकेंसी निकाली थी। इसमें जूनियर क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर टाइम कीपर, ट्रेनी क्लर्क, टिकट क्लर्क, ट्रैफिक असिस्टेंट और गुड्स गाड्र्स जैसे कई पद शामिल हैं। अब आरआरबी एनटीपीसी भर्ती परीक्षा में करीब तीन माह बाकी रह गए हैं। इस परीक्षा के लिए सवा करोड़ छात्रों ने आवेदन किये हैं।