एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम जल्द

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक (एलटी ग्रेड) भर्ती 2018 के हिंदी और सामाजिक विज्ञान के अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। आयोग ने इन दोनों विषयों का लंबित परिणाम जारी करने का निर्णय लिया है। आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि दोनों विषयों के परिणाम को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिणाम बहुत जल्द जारी कर दिए जाएंगे। यह निर्णय एसएसपी वाराणसी की ओर से आयोग को मिली सूचना के आधार पर लिया गया है।
एसएसपी वाराणसी ने आयोग को बताया है कि इस भर्ती के पेपर लीक प्रकरण की जांच की अंतिम चार्जशीट न्यायालय में फाइल कर दी गई है। इसी आधार पर आयोग ने पेपर लीक प्रकरण में आरोपित और सरकारी गवाह बने अभ्यर्थियों को छोड़ कर शेष अभ्यर्थियों का परिणाम जारी करने का निर्णय लिया है। परिणाम जारी करने को लेकर दोनों विषयों के अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलनरत थे।

Exit mobile version