उमर की जगह अली को उठा लाई एसटीएफ, जानिए पूरा मामला

देवरिया जेल में प्रॉपर्टी डीलर को पीटने का मामला

पूछताछ के बाद अतीक अहमद के बेटे को छोड़ा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। देवरिया जेल में प्रॉपर्टी डीलर को पीटने के मामले में पूर्व सांसद और बाहुबली अतीक अहमद के बेटे अली को एसटीएफ मेरठ ने शनिवार को उठा लिया। उसे सूचना मिली थी कि अतीक का वांटेड बेटा उमर मेरठ में है, बाद में पता कि एसटीएफ उमर को नहीं अतीक के दूसरे बेटे अली को उठा लाई है। लंबी पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलर मोहित जायसवाल को 30 दिसंबर 2018 की सुबह गोमतीनगर स्थित ऑफिस से अगवा कर लिया गया। देवरिया जेल में जे लाकर उसकी पिटाई की गई। आरोप है कि अतीक, उसके बेटे और गुर्गों ने करीब 45 करोड़ रुपये की जमीन अपने नाम लिखवा ली। इस मामले में अतीक अहमद, उसके बेटे उमर, गुर्गे गुरफान, फारुख, गुलाम व इरफान के खिलाफ लखनऊ के कृष्णानगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उमर वांटेड है और उस पर दो लाख रुपये का ईनाम है।
मेरठ एसटीएफ को सूचना मिली कि उमर नौचंदी थाना क्षेत्र के भवानीनगर में आया हुआ है। दरअसल, यहां अतीक अहमद की सगी बहन की ससुराल है। एसटीएफ ने छापा मारा और अतीक के बेटे अली को उठा लिया। एसटीएफ उसे अपने कार्यालय ले आई। यहां पूछताछ हुई तो उसके उमर नहीं, अली होने का खुलासा हुआ। एसटीएफ के डीएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों भाई कद-काठी से एक जैसे हैं। अली के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। एसटीएफ को उमर की तलाश थी। पूछताछ के बाद अली को छोड़ दिया गया है।

Exit mobile version