
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फाफामऊ जंक्शन यार्ड में मालगाड़ी का एक डिब्बा शनिवार शाम पटरी से उतरने के कारण तीन यात्री ट्रेनें घंटों विलंबित हो गईं। डिब्बा पटरी से उतरने की सूचना के बाद कामायनी, बुंदेलखंड और गाजीपुर-दिल्ली स्पेशल ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। डिब्बा पटरी पर चढ़ाने में सवा तीन घंटे लग गए।
गिट्टी अनलोडिंग करने के बाद मालगाड़ी का ट्रैक बदला जा रहा था। इंजन मालगाड़ी का खाली रेक पीछे से ढकेल रहा था। अचानक गति बढऩे से एक डिब्बे के चार पहिए पटरी से उतर गए। प्रयागराज जंक्शन से एआरटी ट्रेन बुलाई गई। मालगाड़ी का डिब्बा रात 8.50 बजे वापस ट्रैक पर लाया गया। डिरेलमेंट के चलते वाराणसी से मुंबई जाने वाली कामायनी स्पेशल थरवई, बुंदेलखंड स्पेशल जंघई और गाजीपुर-दिल्ली स्पेशल ट्रेन जफराबाद स्टेशन पर रोकी गई। सीमित संचालन होने के कारण यात्री स्पेशल ट्रेनें आजकल सही समय पर चल रही हैं। इस घटना के कारण प्रयागराज क्षेत्र में पहली बार एकसाथ तीन ट्रेनें घंटों विलंबित हुईं।