
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। केन्द्र सरकार के आदेश के क्रम में जिले के सभी बोर्ड के स्कूलों को आंशिक रूप से खोलने की अनुमति दे दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा ने यूपी बोर्ड, सीआईएससीई, सीबीएसई, संस्कृत और मदरसा बोर्ड के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को बुधवार को पत्र लिखा है कि स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक एवं कोचिंग संस्थान छात्रों एवं सामान्य शैक्षणिक कार्य के लिए 30 सितंबर तक बंद रहेंगे। लेकिन 21 सितंबर से स्कूलों में 50 प्रतिशत शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बच्चों को परामर्श देने के लिए बुलाया जा सकता है।
कंटेनमेंट जोन के बाहर पडऩे वाले क्षेत्रों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अध्यापकों के मार्गदर्शन के लिए स्कूलों में स्वैच्छिक आधार पर जाने की अनुमति होगी। इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी किया जाएगा। हालांकि ऑनलाइन दूरस्थ शिक्षा के लिए अनुमति जारी रहेगी और इन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।