
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय डिग्री कॉलेजों (जीआईसी) के लिए प्रवक्ता मनोविज्ञान और प्राविधिक शिक्षा विभाग में प्रवक्ता ऑटो अभियंत्रण का अंतिम रिजल्ट बुधवार को जारी कर दिया है। मनोविज्ञान पद के लिए 31 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। आयोग के सचिव की ओर से जारी परिणाम में कुल 31 पदों में 15 अनारक्षित, 10 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, छह पद अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों का चयन किया गया। सीधी भर्ती के इन पदों के लिए आयोग की ओर से 15, 16, 17 एवं 18 सितंबर को साक्षात्कार कराया गया। साक्षात्कार के बाद आयोग की ओर परिणाम जारी कर दिया गया। सौम्या शर्मा, विपुल कुमार और अंजली शर्मा ने क्रमश: प्रथम द्वितीय एवं तृतीय रैंक प्राप्त की है।
वहीं, प्राविधिक शिक्षा विभाग में प्रवक्ता ऑटो अभियंत्रण के चार पदों के लिए दो अनारक्षित एवं दो पर अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में निशा शर्मा, दुर्गेश भदौरिया, अंकुर वर्मा, सतीश नामदेव शामिल हैं। इन पदों के लिए साक्षात्कार 18 सितंबर को हुआ था। आयोग ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के लिए शोध अधिकारी के एक पद के लिए सचिन कुमार सिंह का चयन किया गया है। इस पद के लिए साक्षात्कार 18 सितंबर को हुआ था।