
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर के सेंट मेरीज कॉन्वेंट में पढऩे वाली सातवीं की छात्रा के फेल होने पर उसके पिता ने बेटी को प्रमोट कराने के लिए एक मंत्री के नाम का फर्जी लेटर बनाकर स्कूल प्रबंधन पर दबाव डालने की कोशिश की।
मंत्री का फर्जी लेटर लेकर स्कूल प्रबंधन पर बनाया दबाव
मंगलवार को फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर आईजी के निर्देश सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
आईजी केपी सिंह ने बताया कि एसएमसी में पढऩे वाली एक छात्रा फेल हो गई थी। उसका पिता स्कूल प्रबंधक पर लगातार दबाव बना रहा था कि उकी बेटी को प्रमोट कर दिया जाए।
कॉलेज ने मना कर दिया तो छात्रा के पिता ने अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा के नाम से एक फर्जी लेटर बना लिया।
उसे शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को भी दिया। इसके बाद उस लेटर को दिखाकर स्कूल में छात्रा को प्रमोट करने के लिए दबाव बना रहा था। इस बीच स्कूल प्रबंधक ने अल्पसंख्यक मंत्री को मेल कर जानकारी दी कि क्या उन्होंने ऐसा कोई आदेश दिया है।
जब इस बात की जानकारी मंत्री को हुई तो उन्होंने फर्जीवाड़ा करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के लिए लिख दिया।
इस बीच मंगलवार सुबह आरोपी पिता फिर स्कूल पहुंचा और हंगामा करने लगा। स्कूल से सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।