अतीक के शूटर ने दी वकील को धमकी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कचहरी में वकालत करने वाले एक अधिवक्ता को अतीक अहमद के शूटर तोता के नाम से जान से मारने की धमकी दी गई है। पीडि़त अधिवक्ता को शक है कि पूर्व परियोजना अधिकारी अभियंता ने फोन करा कर उन्हें धमकी दिलाई है।

शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

वकील की शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है। थरवई के रहने वाले अधिवक्ता संतोष कुमार शुक्ला ने कर्नलगंज थाने में अशोक कुमार त्रिपाठी (पूर्व परियोजना अभियंता) और अतीक के शूटर तोता के नाम से धमकाने की एफआईआर दर्ज कराई है।

उन्होंने पुलिस को बताया कि पूर्व परियोजना अभियंता अशोक कुमार के खिलाफ उन्होंने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। जिसकी जांच चल रही है। इसी शिकायत करने पर उन्हें पहले भी धमकी मिल चुकी है। 28 सितंबर की सुबह एक व्यक्ति ने अनजान नंबर से कॉल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कहा था कि 24 घंटे के अंदर उसकी हत्या कर देंगे ।

कॉल करने वाले ने अपना नाम अतीक का शूटर तोता बताया था। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि सर्विलांस की मदद से इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version