UP : मुनादी के बाद घरों पर नोटिस चस्पा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में वांछित स्कूल प्रबंधक चंद्रमा यादव समेत चारों आरोपियों के घरों पर एसटीएफ ने शुक्रवार को मुनादी की कार्रवाई की।

सभी के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया। डुगडुगी बजवा कर पुलिस ने जानकारी दी कि सहायक शिक्षक भर्ती में आरोपी फरार हैं।

और उन्होंने कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया तो उनके घरों पर अब कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में अभ्यर्थी राहुल सिंह ने 5 जून को सोरांव थाने में डॉक्टर कृष्ण लाल पटेल समेत अन्य के खिलाफ फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

वर्तमान में इस प्रकरण की प्रयागराज एसटीएफ जांच कर रही है। अब तक इस मुकदमे में तीन अभ्यर्थी समेत एक दर्जन से अधिक आरोपी जेल जा चुके हैं।

एसटीएफ प्रभारी नीरज पांडे ने बताया कि इस केस में वांछित चारों आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी चल रही थी। उनकी गिरफ्तारी ना होने पर शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर निवासी स्कूल प्रबंधक चंद्रमा यादव, बहरिया के कपसा गांव निवासी शैलेश पटेल, फूलपुर के बाबूगंज निवासी सत्यम पटेल और नवाबगंज के आदमपुर गांव निवासी शिव दीप सिंह के घर पर मुनादी की कार्रवाई की गई।

एसटीएफ ने चारों आरोपियों के घरों पर नोटिस लगवा दिया है। अगर इसके बाद भी आरोपी कोर्ट में सरेंडर नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एसटीएफ ने इस प्रकरण में वांटेड दो आरोपियों को 24 घंटे पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेजा था।

Exit mobile version