
एक साल तक युवती से शादीशुदा होने की बात छिपाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रेम जाल में फंसाकर और शादी करने का भरोसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
यौन शोषण के बाद युवक ने विवाह करने से इन्कार कर दिया। पीडि़ता की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा लिखकर आरोपित संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय पीडि़त युवती के पिता की मौत हो चुकी है। घर पर वह अपनी मां और बहन के साथ रहती थी।
एक निजी कंपनी में काम करती थी। वह रोजाना विक्रम से घर आती-जाती थी। करीब दो साल पहले युवती का बेली गांव निवासी विक्रम चालक संजय गुप्ता से संपर्क हुआ।
इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी।
युवती का आरोप है कि संजय ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी करने का वादा किया।
करीब एक साल से दोनों लोग कैंट इलाके में किराए का कमरा लेकर साथ में रह रहे थे। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो संजय टालमटोल करने लगा।
इस पर उनके बीच विवाद होने लगा। इसी बीच युवती को पता चला कि संजय पहले से शादीशुदा है तो नाराज हो गई और फिर झगड़ा हुआ।
तब युवती उसके कमरे से बाहर निकल गई और एक वकील की मदद से कैंट थाने में दुष्कर्म करने, पैसा छीनने और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया।
चौकी इंचार्ज बेली अरविंद कुमार यादव का कहना है कि अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।