शिक्षक भर्ती मामले में एसटीएफ को बड़ी कामयाबी: मास्टर माइंड कॉलेज प्रबंधक गिरफ्तार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शिक्षक भर्ती मामले में एसटीएफ ने सोमवार को कंपनीबाग के सामने से कॉलेज प्रबंधक चंद्रमा यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक आधार कार्ड, एक मोबाइल और पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं।

इस मामले में तीन लोग अब भी फरार बताए गए हैं। 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में इसी साल पांच जून को एक अभ्यर्थी ने सोरांव थाने में डॉ. केएल पटेल, चंद्रमा यादव समेत 18 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।

पैसे लेकर भर्ती कराने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में केएल पटेल समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसटीएफ के उप निरीक्षक अनिल कुमार सिंह व आरक्षी अजय यादव की एक टीम ने धूमनगंज निवासी चंद्रमा यादव को कंपनीबाग के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में चंद्रमा यादव ने बताया गया कि फरारी में वह लखनऊ व इटावा इत्यादि स्थानों पर रहा। कुर्की की कार्रवाई शुरू होने से वह डर गया तथा अपने केस के सिलसिले में प्रयागराज आया था। वह एक विद्यालय पंचम लाल आश्रम इंटर कालेज का संचालन करता है, जो लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का केन्द्र रहता है।

Exit mobile version