
शिकायत करने वाले सफाइकर्मी का कर दिया तबादला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कानपुर देहात में भ्रष्टाचार को लेकर जिस अधिकारी की शिकायत की, उसी ने शिकायत करने वाली सफाईकर्मी का तबादला कर दिया और उसके खिलाफ जांच बैठा दी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए सरकारी वकील से तबादला करने वाले जिला पंचायतराज अधिकारी का पदभार संभाल रहे अधिकारी के बारे में जानकारी मांगी है। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तबादले के अनुमोदन का आदेश पेश करने का निर्देश दिया है।
कोर्ट ने कहा कि यदि जानकारी नहीं दी जाती तो सीडीओ एवं डीपीआरओ 12 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हाजिर हों। यह आदेश न्यायमूर्ति अजय भनोट ने सफाईकर्मी सुनीता देवी की याचिका पर अधिवक्ता मुजीब अहमद सिद्दीकी को सुनकर दिया है।
याची ने डीपीआरओ के भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों से शिकायत की और जांच की मांग की। इसके बाद डीपीआरओ ने याची का सरवनखेड़ा विकास खंड की ग्राम पंचायत से मालसा विकास खंड की ग्राम पंचायत मालसा में तबादला कर दिया। याची ने मालसा में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके बावजूद उसके खिलाफ जांच बैठाकर याची को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिसे चुनौती दी गई है।