
रामलोचन के मकान को भी ढहाने की तैयारी है।
( अनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। समाजवादी पार्टी की पूर्व विधायक विजमा यादव के भाई रामलोचन यादव पर भी शिकंजा कस गया है। रामलोचन के गेस्ट हाउस को गिराने की कार्रवाई सोमवार की सुबह शुरू हो गई है। करीब 1000 से 1500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने गेस्ट हाउस को जमींदोज करने के लिए प्रयागराज विकास प्राधिकरण की चार जेसीबी लगाई गई है। भारी पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में पीडीए टीम द्वारा यह कार्रवाई नक्शा न पास होने के कारण की जा रही है। पूर्व विधायक के भाई रामलोचन का गेस्ट हाउस प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के कंहईपुर में है। इस गेस्ट हाउस तोड़ने की कार्रवाई पूरी होने के बाद यहां से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित रामलोचन के मकान को भी ढहाने की तैयारी है। मकान करीब 500-600 वर्ग मीटर में बने होने की बात प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिकारी कह रहे हैं। बता दें कि पूर्व विधायक विजमा यादव के भाई रामलोचन की सपा सरकार में तूती बोलती थी। बताते हैं कि रसू्ख का फायदा उठाकर वह विवादित जमीनों पर कब्जा भी करता था। रामलोचन पर हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे भी दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार इन दिनों माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रयागराज में माफिया व पूर्व सांसद अतीक अहमद, माफिया दिलीप मिश्रा, माफिया राजेश यादव और माफिया बच्चा पासी की अवैध अचल संपत्तियों पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण का बुलडोजर चल चुका है। आज पूर्व विधायक विजमा के भाई रामलोचन का गेस्ट हाउस ढहाया जा रहा है।