प्रसूता के पेट में छोड़ दी ब्लेड, मौत डॉक्टर की लापरवाही से गई महिला की जान

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ऑपरेशन के दौरान डाक्टर ने मरीज के पेट में ब्लेड छोड़ दिया। तबीयत बिगड़ी तो उसे दोबारा भर्ती करना पड़ा लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

जी हां, धूमनगंज थाना क्षेत्र में मुंडेरा स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सक की लापरवाही जानलेवा साबित हुई। डॉक्टर पर आरोप है कि प्रसूता के आपरेशन के दौरान पेट के अंदर ब्लेड छोड़ दिया था।

कुछ दिन बाद महिला की हालत बिगड़ी तो उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला के पेट से ब्लेड तो निकाल लिया लेकिन उसकी हालत नहीं सुधरी और उसकी मौत हो गई।

कौशांबी जनपद में पिपरी थाना इलाके के में फतेहपुर-सहावपुर गांव निवासी लवकुश की 25 वर्षीय पत्नी सविता गर्भवती थी।

प्रयागराज के मुंडेरा स्थित एक निजी अस्पताल में 10 दिन पहले सविता ने आपरेशन के बाद एक पुत्री को जन्म दिया। सविता के परिवार वालों का आरोप है कि आपरेशन के दौरान डॉक्टर ने उसके पेट के अंदर ही ब्लेड छोड़ दिया।

कुछ दिन बाद महिला की तबीयत खराब होने लगी। हालत बिगडऩे लगी तो परिवार के लोग उसे एसआरएन अस्पताल ले गए।

स्वजनों की मानें तो वहां डॉक्टरों ने पेट से ब्लेड निकाला लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है लेकिन मामले को लेकर अभी पुलिस से शिकायत नहीं दर्ज कराई है।

Exit mobile version